समाजवादी जनजागरण चौपाल के दौरान भाजपा पर कसा तंज

बलिया, दुबहड़। समाजवादी पार्टी के 361 नगर विधानसभा प्रभारी लक्ष्मण गुप्ता ने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए उसे जनविरोधी एवं विफल सरकार बताया। स्थानीय क्षेत्र के बसरिका पुर, रामपुर टीटिही, कछुआ खास, शिवपुर दीयर नई बस्ती आदि गांवों में समाजवादी जनजागरण चौपाल लगाने के बाद बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार प्रत्येक मोर्चे पर पूर्ण रूप से विफल है। ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली देने का दावा करने वाली भाजपा सरकार 10 से 12 घंटे भी अनवरत बिजली आपूर्ति नहीं कर पा रही है। बलिया सदर विधान सभा क्षेत्र के गांवों के लोग अनवरत विद्युत आपूर्ति के लिए त्राहि त्राहि कर रहे हैं। भाजपा सरकार के एक जिम्मेदार मंत्री के विधान सभा क्षेत्र में जब ये दुर्दशा है तो और क्षेत्रों में क्या स्थिति हो सकती है ? देश में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस एवं खाद्य पदार्थों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। कोरोना संक्रमण काल की विषम परिस्थितियां एवं दिन पर दिन बढ़ती महंगाई के कारण आमजन को भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। देश की अर्थव्यवस्था रसातल में जा रही है। लेकिन केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार जाति, धर्म, संप्रदाय के नाम पर राजनीति कर अपनी नाकामियों को छुपाकर सत्ता में बने रहना चाहती है। अपनी सत्ता का दुरुपयोग कर साम, दाम, दंड, भेद एवं गंदी राजनीति के बल पर पुनः सत्ता प्राप्त करना चाहती है। लेकिन यह उत्तर प्रदेश की पब्लिक है, सब जानती है। उत्तर प्रदेश की जनता का भाजपा सरकार से मोहभंग हो चुका है। इस बार अब वह झूठे दावे एवं झांसे में नहीं आने वाली है। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को 2022 के विधानसभा चुनाव में सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है। एक प्रश्न के जबाब में कहा कि सपा में ही ब्राह्मणों, राजपूतों, भूमिहारों, वैश्यों, पिछड़ो सहित सर्वसमाज का मान व सम्मान संरक्षित है। इस दौरान सुभाष यादव प्रधान,मु- परवेज रोशन, मदन साहनी, अजित यादव प्रधान, अनिल खरवार, बरमेश्वर प्रधान, पदुमदेव बिन्द, अजित सिंह, राजू गुप्ता, चिऩतू, धर्मेंद्र यादव प्रधान, दिनेश यादव ,धनजी यादव वरिष्ठ सपा नेता, पवन गुप्ता ,अनंत चौधरी, संतोष गुप्ता, डोड़ा पासवान, भृगृ नाथ पांडे व सैकड़ों लोग मौजूद रहे।