गाजीपुर। घटना गाजीपुर जनपद के कोतवाली मोहम्मदाबाद अंतर्गत है। सुल्तानपुर शवदाह स्थल पर गंगा के किनारे एक युवक और एक किशोर के डूबने का समाचार प्राप्त हुआ है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि अशोक कुशवाहा की मां शारदा देवी का देहावसान हो गया था। जिसका अंतिम संस्कार करने के लिए ग्राम खारा बरेजी थाना बरेसर से लोग कोतवाली मोहम्मदाबाद के सुल्तानपुर घाट पर आए थे। शवदाह के कार्यक्रम के पश्चात मुखाग्नि देने के बाद लोग इंतजार कर रहे थे। इसी बीच एक युवक तारकेश्वर सिंह पुत्र स्वर्गीय मंगला सिंह उम्र लगभग 35 वर्ष और एक किशोर अमन कुशवाहा पुत्र राम भजन कुशवाहा उम्र लगभग 17 वर्ष गंगा में स्नान करने के लिए चले गए। उन लोगों को गंगा की गहराई का पता नहीं चल पाया। अचानक पैर फिसला तथा वे डूबने लगे। इस दृश्य को देखकर शवदाह में आए लोग चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के मल्लाहों ने गंगा में छलांग लगा दी। दूसरी तरफ किसी ने कोतवाली मोहम्मदाबाद को सूचित किया। सूचना पाकर एसएसआई राजीव त्रिपाठी सदल बल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दूसरे मल्लाहों को जाल के साथ गंगा में युवक को खोजने के लिए भेजा। काफी मशक्कत के बाद तारकेश्वर सिंह के शव को बरामद किया गया। तब तक पुलिस की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम किशोर की खोज करने लगी। बताते चलें कि तारकेश्वर सिंह के एक बेटी और बेटा है। अमन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र है। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। परिजन रोते बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। बरामद शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखने तक किशोर के शव को टीम खोज रही है।