महाराष्ट्र। ठाणे में सोमवार देर रात भीषण हादसा हो गया। यहां समृद्धि एक्सप्रेसवे पर पुल निर्माण के दौरान गर्डर लॉन्चर मशीन ढहने से 17 लोगों की मौत हो गई और 3 घायल हो गए। मृतक संख्या और बढ़ सकती है। समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे के तीसरे चरण के निर्माण के दौरान गर्डर मशीन 100 फीट से नीचे गिर गई। ठाणे के शाहपुर में गर्डर मशीन गिरने पर एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट सारंग कुर्वे ने कहा, “हमें घटना की जानकारी रात लगभग 1ः30 बजे मिली और हमारी पहली टीम ने सुबह 5ः30 बजे के आसपास बचाव अभियान शुरू किया। हमारा खोज और बचाव अभियान अभी भी जारी है। गर्डर लॉन्चिंग मशीन के गिरने से कई लोगों के दबे होने की आशंका अभी भी जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक एनडीआरएफ की दो टीमें हादसे की जगह पर पहुंच कर राहत और बचाव कार्य कर रही है। शाहपुर के उप जिला अस्पताल में अब तक 15 शव पहुंचाए जा चुके हैं। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं।