ब्यूरो प्रदीप कुमार पाण्डेय।

गाजीपुर। जनपद के मोहम्मदाबाद नगर पालिका अंतर्गत वार्ड नंबर 7 और वार्ड नंबर 18 के नागरिकों को अब केवल संक्रमण से ही नहीं बल्कि विषाक्त जीव जंतुओं से भी परेशान होना पड़ रहा है। इस वार्ड के अधिकांशतः नागरिक रातों में जागने को मजबूर हैं।

बताते चलें कि इस वार्ड के पूरब की ओर खेतों की सीमा आरंभ हो जाती है। जहां से खेत की सीमा आरंभ हो रही है उसके किनारे वार्ड नंबर 7 है और उसके बाद वार्ड नंबर 18 है। इन दोनों वार्ड को पांडे मुहल्ला के नाम से जाना जाता है। वार्ड नंबर 7 के किनारे उत्तर दक्षिण की तरफ ठोढ़ि नामक गंदे पानी का जलजमाव है ।यह जलजमाव नगर के दूषित पानी का जमाव है। जहां नगर की गंदगी आकर गिरती है। परिणाम यह है कि इस गंदे पानी के नदी ने बड़ा रूप ले लिया है ।परिणाम यह है कि एक तरफ किसानों की सैकड़ों एकड़ भूमि खेती से वंचित है वहीं दूसरी ओर प्रत्येक दिन ऐसा कोई घर नहीं है जिसमें विषाक्त जीव जंतु ना निकलते हो और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विगत 2 दिनों में बताते चलें कि लगभग दर्जनों घरों में विषाक्त सर्प निकले। जिसके कारण लोग अब रात्रि में जगकर पहरा देते हैं ,ताकि उनके घर के लोग सुरक्षित रहें ।सबसे दुर्भाग्य की बात यह है कि नगर पालिका कर्मियों द्वारा कभी-कभी इधर छिड़काव का काम किया जाता है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष रईस अहमद ने कई बार स्थिति का जायजा लिया लेकिन इसका कोई लाभ नागरिकों को नहीं मिला। संक्रमण और विषाक्त जीव जंतुओं से लोग परेशान हैं।